बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार रात दो गुटों के बीच हुए विवाद और पत्थरबाजी के बाद अब स्थिति नियंत्रण में है। मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विवाद के बाद जमकर हुई पत्थरबाजी
जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और गाली-गलौज हुई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट के साथ पत्थरबाजी शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को नियंत्रित किया। अधिकारियों के मुताबिक, समय रहते पुलिस के पहुंचने से स्थिति को और बिगड़ने से रोक लिया गया। फिलहाल संवेदनशील इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और लगातार गश्त की जा रही है।
DM ने कहा- शांति बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिलासपुर की शांति और सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जैसे-जैसे जांच में नए साक्ष्य सामने आ रहे हैं, उसी के आधार पर संबंधित मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
SSP बोले- पुरानी रंजिश के चलते हुआ विवाद
बिलासपुर SSP रजनेश सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला निजी विवाद से जुड़ा सामने आया है। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने अपने-अपने लोगों को मौके पर बुला लिया, जिसके कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को नियंत्रित किया गया। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की भूमिका और पूरे विवाद के कारणों की जांच कर रही है।
भूपेश बघेल ने सरकार पर साधा निशाना
बिलासपुर की घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने गृह मंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश की कानून-व्यवस्था संभालने में विफल रही है।
बघेल ने कहा कि केवल किसी पर आरोप लगा देना आसान है, लेकिन कार्रवाई करना अलग बात है। उन्होंने सरकार पर कई मामलों में कार्रवाई नहीं करने का आरोप भी लगाया।
मंत्रियों की बैठक को लेकर भी सरकार पर तंज
भूपेश बघेल ने रायपुर में मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों के बीच हुई 1-to-1 चर्चा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपने काम का ठीक से निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं और अधिकारियों के स्तर पर भी उनकी बात नहीं सुनी जा रही।
उन्होंने सरकार के कामकाज में कई स्तरों से हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे अधिकारी भी असमंजस की स्थिति में हैं।
संविधान को लेकर भी बोले पूर्व CM
राहुल गांधी के देश को संविधान के अनुसार चलाने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि देश का संचालन संविधान के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों से मिलने वाली सीख का सम्मान करने की बात कही, लेकिन स्पष्ट किया कि शासन व्यवस्था संविधान के अनुरूप ही चलनी चाहिए।
फिलहाल बिलासपुर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की नजर संवेदनशील इलाकों पर बनी हुई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

