धमतरी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा किया है। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिहावा पुलिस ने दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति ओडिशा की ओर से गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस ने रतावा फॉरेस्ट नाका के सामने मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रॉली बैग और सफारी बैग मिले। इनके अंदर सेलोटेप से पैक किया हुआ गांजा बरामद किया गया। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 20 किलो 400 ग्राम निकली।
11.80 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त सामान समेत कुल मशरूका करीब 11 लाख 80 हजार रुपये का है।
मुजफ्फरनगर और दिल्ली के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम (27), निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और तुषार कश्यप (23), निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सिहावा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से लिया गया था और इसे दिल्ली में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
नशे के नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

