महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस अभिरक्षा से फरारी का मामला सामने आया है। नशीली टैबलेट तस्करी के आरोप में गिरफ्तार 20 वर्षीय आरोपी दिनेश सिंह राजपूत महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल से फरार हो गया। तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां उसकी निगरानी में दो पुलिस जवान तैनात थे। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच की जा रही है।
ओडिशा से तस्करी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में दिनेश सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया था। पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद उसे पहले सरायपाली में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए महासमुंद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
सुबह निगरानी के दौरान हुआ फरार
अस्पताल में आरोपी की निगरानी के लिए पुलिस जवान खोमनलाल साहू और रामचरण यादव की ड्यूटी लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर से संबंधित काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।
बताया गया है कि आरोपी के पैर में रॉड लगी हुई थी। इसके बावजूद वह सुरक्षा व्यवस्था से बचकर कैसे निकला, इसकी जांच की जा रही है। फरारी के समय हथकड़ी और अन्य सुरक्षा इंतजामों की स्थिति भी जांच का हिस्सा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी किस रास्ते से बाहर निकला और फरारी में किन परिस्थितियों की भूमिका रही, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। उसके संभावित ठिकानों पर भी तलाश की जा रही है। मामले में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज करने की कार्रवाई जारी बताई गई है।
लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई
एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक के मुताबिक, आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच का मुख्य उद्देश्य आरोपी की फरारी की परिस्थितियों का पता लगाना और अभिरक्षा के दौरान हुई सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी तय करना है।

