तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने संभावित सैन्य या आतंकी हमले को लेकर कड़ा संदेश दिया है। एक लिखित संदेश में उन्होंने कहा कि यदि दुश्मन की ओर से ईरान पर दोबारा सैन्य या आतंकी हमला किया जाता है, तो उसका जवाब कब और किन परिस्थितियों में दिया जाएगा, यह फैसला ईरान खुद करेगा।
मोजतबा खामेनेई ने अपने संदेश में ईरानी सशस्त्र बलों को रक्षा तैयारियां मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हथियारों और गोला-बारूद के उत्पादन में तेजी लाने के साथ सैन्य खुफिया क्षमताओं को और मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ईरान को अपनी रक्षा क्षमताओं को लगातार विकसित करना होगा। इसके लिए सैन्य संसाधनों, खुफिया तंत्र और सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
ईरानी नेतृत्व का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्षेत्र में सैन्य तनाव और संभावित संघर्ष को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। मोजतबा खामेनेई के संदेश से संकेत मिलता है कि ईरान अपनी सुरक्षा और सैन्य तैयारियों को लेकर किसी भी संभावित स्थिति के लिए सतर्क रहना चाहता है।
संदेश में ईरान की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी हमले की स्थिति में जवाब देने का फैसला देश की अपनी रणनीति और परिस्थितियों के आधार पर लिया जाएगा। इससे क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान के रुख को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

