प्रयागराज: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले शहर में सियासी पोस्टर वार शुरू हो गया है। जगह-जगह लगाए गए पोस्टरों के जरिए राहुल गांधी और कांग्रेस पर छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा गया है। पोस्टरों में “NEET पर HYPOCRISY की सीमा” और “प्रयागराज WOW, झारखंड छी” जैसे नारे लिखे गए हैं।
इन पोस्टरों के जरिए कांग्रेस पर झारखंड में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कथित चुप्पी को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पोस्टर वार के सामने आने के बाद प्रयागराज में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सत्तारूढ़ बीजेपी तथा कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
BJP ने राहुल गांधी पर लगाया राजनीतिकरण का आरोप
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के कंधे पर बंदूक रखकर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।
राकेश त्रिपाठी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार और नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा सरकार के काम को देख रहे हैं और राहुल गांधी के कथित बहकावे में नहीं आएंगे।
दादा फिरोज गांधी की कब्र पर जाने की सलाह
बीजेपी प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें प्रयागराज दौरे के दौरान अपने दादा फिरोज गांधी की कब्र पर फूल चढ़ाने की सलाह भी दी। उनके इस बयान के बाद सियासी विवाद और बढ़ने की संभावना है।
राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले सामने आए इन पोस्टरों ने शहर की राजनीति को गरमा दिया है। अब कांग्रेस की ओर से इन पोस्टरों और बीजेपी के आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

