धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। सोरिद वार्ड में कथित तौर पर पिछले एक महीने से नलों में गंदा पानी आने से परेशान लोग कांग्रेस पार्षदों के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारी अपने साथ गंदे पानी की बोतलें भी लेकर आए और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द साफ पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
एक महीने से गंदे पानी की सप्लाई का आरोप
प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों का आरोप है कि सोरिद वार्ड में करीब एक महीने से नलों के जरिए दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि मजबूरी में इसी पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे कई लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गुस्साए वार्डवासियों ने निगम अधिकारियों को गंदे पानी की बोतलें दिखाते हुए कहा कि जिस पानी का इस्तेमाल वे पिछले 30 दिनों से कर रहे हैं, अधिकारी भी एक दिन वही पानी पीकर देखें। प्रदर्शनकारियों ने साफ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
निगम कार्यालय में घुसकर की नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोई अधिकारी बाहर नहीं आया, जिसके बाद नाराज लोग नगर निगम कार्यालय के अंदर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ‘निगम प्रशासन होश में आओ’ और ‘वार्ड में साफ पानी उपलब्ध कराओ’ जैसे नारे लगाए।
वार्डवासियों का कहना है कि पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें बार-बार प्रदर्शन करना पड़ रहा है। कांग्रेस पार्षदों ने भी इस मुद्दे पर निगम प्रशासन को घेरा और जल्द समाधान की मांग की।
टंकी तक पानी की व्यवस्था नहीं होने का आरोप
कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम की ओर से वार्ड में पानी की टंकी तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि दूषित पानी की समस्या से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
पाइपलाइन लीकेज को बताया दूषित पानी की वजह
वहीं, मामले में नगर निगम के जल विभाग सभापति ने बताया कि वार्ड में नाले के पास पाइपलाइन में लीकेज है। इसके कारण गंदा पानी सप्लाई की पाइपलाइन में मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि लीकेज की मरम्मत का काम जारी है और जल्द ही समस्या दूर कर दी जाएगी।
फिलहाल, सोरिद वार्ड के लोगों को साफ पेयजल मिलने का इंतजार है। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन मरम्मत का काम कितनी जल्दी पूरा कराता है और वार्डवासियों को दूषित पानी की समस्या से कब राहत मिलती है।

