कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित एनटीपीसी पावर प्लांट की सभी सातों बिजली उत्पादन इकाइयां इलेक्ट्रिकल खराबी के चलते बंद हो गई हैं। शनिवार सुबह तक इकाइयों को दोबारा शुरू नहीं किया जा सका था। सातों यूनिट के एक साथ बंद होने से बिजली उत्पादन पर असर पड़ा है और छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
ब्रेकर की जांच के दौरान आई तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन की ओर से ब्रेकर की जांच की जा रही थी। इसी दौरान इलेक्ट्रिकल सिस्टम में आई खराबी के कारण एनटीपीसी कोरबा की सभी सातों इकाइयां ट्रिप हो गईं। इसके बाद प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
फिलहाल सभी बंद इकाइयों को दोबारा चालू करने का काम जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, इकाइयों को एक-एक करके बहाल किया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि बहाली की प्रक्रिया देर रात तक पूरी हो सकती है।
2,600 मेगावाट की स्थापित क्षमता
एनटीपीसी कोरबा पावर प्लांट की कुल स्थापित क्षमता करीब 2,600 मेगावाट है। प्लांट में 500 मेगावाट क्षमता की चार इकाइयां और 200 मेगावाट क्षमता की तीन इकाइयां शामिल हैं। सभी इकाइयों के बंद होने से बिजली उत्पादन में बड़ा व्यवधान आया है।
तकनीकी खराबी के बाद संबंधित टीमों की ओर से सिस्टम को दुरुस्त करने और बिजली उत्पादन बहाल करने का काम तेजी से किया जा रहा है।
शाम तक अपडेट देने की बात
इस मामले में एनटीपीसी कोरबा की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष से शनिवार सुबह संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि बंद इकाइयों को सुधारने और दोबारा चालू करने का काम जारी है। उन्होंने इस संबंध में शाम तक स्थिति स्पष्ट करने की बात कही।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि एनटीपीसी कोरबा की सातों इकाइयां कब तक पूरी क्षमता के साथ दोबारा बिजली उत्पादन शुरू कर पाती हैं।

