नागोया। भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया है। उन्होंने महिलाओं के 49 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। मीराबाई ने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस पदक के साथ उनके करियर में एशियन गेम्स मेडल का इंतजार भी खत्म हो गया।
मीराबाई ने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इससे पहले वह एशियन गेम्स में पदक जीतने से चूकती रही थीं, लेकिन इस बार उन्होंने पोडियम पर जगह बनाकर अपने शानदार करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी।
री सोंग गम ने रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड
उत्तर कोरिया की री सोंग गम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। उन्होंने कुल 215 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें 94 किलोग्राम स्नैच और 121 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क शामिल रहा। उनके प्रदर्शन के साथ रिकॉर्ड भी बना और उन्होंने एशियन गेम्स में लगातार तीसरा गोल्ड अपने नाम किया।
इंडोनेशिया की लुलुक डायना ट्राई विजायाना ने 191 किलोग्राम के कुल वजन के साथ कांस्य पदक जीता।
28 साल बाद वेटलिफ्टिंग में भारत को पदक
मीराबाई चानू का सिल्वर भारत के लिए भी बेहद खास है। उनके पदक के साथ एशियन गेम्स की वेटलिफ्टिंग में भारत का 28 साल का इंतजार खत्म हुआ। इससे पहले 1998 के बैंकॉक एशियन गेम्स में कर्णम मल्लेश्वरी ने वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए पदक जीता था।

