कोंडागांव। बस्तर फाइटर भर्ती में जिले के लिए निर्धारित पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर कोंडागांव के बेरोजगार युवाओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। युवाओं ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। उनकी मांग है कि भर्ती में कोंडागांव जिले के लिए निर्धारित 81 पदों को बढ़ाकर 204 किया जाए। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नींबू काटकर अपना विरोध दर्ज कराया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।
दरअसल, युवाओं ने कांकेर सांसद भोजराज नाग द्वारा एक नींबू काटकर बारिश रुकवाने की घटना का हवाला देते हुए प्रतीकात्मक विरोध का तरीका अपनाया। उन्होंने दो नींबू काटकर सरकार और जनप्रतिनिधियों तक अपनी मांग पहुंचाने की कोशिश की। युवाओं का कहना है कि जिस तरह नींबू काटने की घटना चर्चा में आई थी, उसी अंदाज में उन्होंने भर्ती के पद बढ़ाने की मांग को सामने रखा है।
प्रदर्शन को और अनोखा बनाने के लिए युवाओं ने कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, बस्तर सांसद और कांकेर सांसद भोजराज नाग के नाम से प्रतीकात्मक डमी पुतले भी तैयार किए। इन पुतलों के सामने नींबू काटकर युवाओं ने जनप्रतिनिधियों के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की और भर्ती में अधिक पद निर्धारित करने की मांग उठाई।
अन्य जिलों की तुलना में कम पद मिलने का आरोप
बेरोजगार युवाओं का आरोप है कि बस्तर फाइटर भर्ती में अन्य जिलों की तुलना में कोंडागांव के लिए कम पद निर्धारित किए गए हैं। उनका कहना है कि जिले में बड़ी संख्या में युवा भर्ती की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन केवल 81 पद होने से उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाएगा। इसी वजह से पदों की संख्या बढ़ाकर 204 करने की मांग की जा रही है।
युवाओं ने शासन-प्रशासन से उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने और भर्ती प्रक्रिया में कोंडागांव जिले के लिए पदों की संख्या बढ़ाने की अपील की है। अब देखना होगा कि युवाओं की इस मांग पर सरकार और संबंधित विभाग क्या निर्णय लेते हैं।

