पाकिस्तान की राजनीति और उसके हुक्मरानों का आतंकवादी कनेक्शन एक बार फिर दुनिया के सामने बेनकाब हो गया है। इमरान खान की सरकार में गृहमंत्री रह चुके शेख रशीद अहमद ने अपनी पुरानी फितरत के मुताबिक एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। अपनी इस नापाक सोच के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आतंक के आकाओं के साथ खुलेआम मंच साझा किया।
आतंकियों की महफिल में हाफिज सईद का गुणगान
सामने आए एक वायरल वीडियो के मुताबिक, शेख रशीद ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकवादियों और पीएमएमएल अध्यक्ष खालिद मसूद संधू के साथ एक मंच साझा किया। इस दौरान रशीद ने मुंबई हमलों के मास्टरमाइंड और वैश्विक आतंकवादी हाफिज सईद की तारीफों के पुल बांधे। हद तो तब हो गई जब उसने मंच से खुद को हाफिज सईद का “गुलाम” तक घोषित कर दिया।
भारत को दी गीदड़ भभकी
आतंकियों के मंच से बौखलाए शेख रशीद ने भारत को गीदड़ भभकी देते हुए कहा कि यदि भारत ने पाकिस्तान की तरफ आंख उठाकर देखने की भी कोशिश की, तो उसे भुगतना पड़ेगा और अंजाम बहुत बुरा होगा। पाकिस्तानी नेताओं की यह बयानबाजी एक बार फिर यह साबित करती है कि वहां की सियासत और तंत्र आज भी आतंकवादियों के इशारे पर चल रहा है।
दुनिया के सामने फिर उजागर हुआ पाकिस्तान का असली चरित्र
शेख रशीद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने यह बात स्पष्ट हो गई है कि पाकिस्तान लाख कोशिश कर ले, लेकिन वह अपनी आतंकवादी समर्थक मानसिकता और हरकतों से कभी बाज नहीं आ सकता।

