रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एप के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने देश के छह राज्यों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। ये छापे महादेव सट्टा एप से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों पर मारे गए। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें तत्काल बंद करा दिया गया।
CBI के मुताबिक, छापेमारी के दौरान जांच टीम ने बड़ी संख्या में डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सट्टेबाजी के इस नेटवर्क में म्यूल बैंक खातों और हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन किया जा रहा था। इन खातों का इस्तेमाल दूसरे लोगों के नाम पर किया जाता था, जबकि सट्टेबाजी से होने वाली कमाई हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजी जाती थी।
दरअसल, महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने 1 नवंबर को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे आठ दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ में सामने आया सट्टेबाजी नेटवर्क का तरीका
जांच एजेंसी के अनुसार, पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने महादेव ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद CBI ने दस्तावेजी और डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया। एजेंसी अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि देश के अलग-अलग राज्यों में यह नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
म्यूल अकाउंट और हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था पैसा
CBI की अब तक की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन विदेश में स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था। भारत में इसके पैनल ऑपरेटरों का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने के साथ सट्टेबाजी की रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जो कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाए गए थे या किराए पर लिए गए थे। इसके बाद सट्टेबाजी से होने वाले मुनाफे को हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था।
अन्य आरोपियों और सरकारी अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में CBI की जांच अभी जारी है। एजेंसी विदेश में मौजूद आरोपियों, नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले लोगों और कथित तौर पर जुड़े सरकारी अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। फरार आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। छह राज्यों में 33 ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई को महादेव सट्टा एप के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है।

