रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित आरडीए कॉलोनी में शनिवार रात नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। संघर्षशील दुर्गोत्सव समिति के पंडाल में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मातारानी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
महाआरती के दौरान वीरेंद्र सिंह तोमर ने मां दुर्गा के सप्तम स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत आराधना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि की सप्तमी तिथि पर मां कालरात्रि की पूजा का विशेष महत्व है। मां कालरात्रि को शक्ति, साहस और नकारात्मक शक्तियों के विनाश का स्वरूप माना जाता है।
वीरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से समाज में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने प्रार्थना की कि नवरात्रि का यह पावन पर्व टिकरापारा के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए मंगलकारी साबित हो तथा सभी लोगों के जीवन में सुख और खुशहाली आए।
महाआरती के बाद वीरेंद्र सिंह तोमर ने पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं और भक्तों से मुलाकात भी की। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में निश्चल शुक्ला सहित संघर्षशील दुर्गोत्सव समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
नवरात्रि के दौरान आयोजित इस महाआरती में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

