नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने माता-पिता सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर हो रही आलोचना और सोशल मीडिया ट्रोलिंग का जवाब दिया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर BJP और RSS समर्थकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके दिलों में डर, गुस्से और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्यार महसूस करने और उसे जाहिर करने से रोकता है।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आगे कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें, ताकि वे प्यार और अपनेपन की खुशी को महसूस कर सकें। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब माता-पिता के रिश्ते को लेकर सुनाए गए उनके बचपन के एक किस्से पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
मां सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर सुनाया था बचपन का किस्सा
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने अपने बचपन की एक याद साझा की थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मां सोनिया गांधी लंच और डिनर के समय उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं।
राहुल के इस किस्से के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ लोगों ने इसे माता-पिता के बीच प्रेम और अपनापन दर्शाने वाला पारिवारिक प्रसंग बताया, जबकि कुछ नेताओं ने इस पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की।
हिमंत बिस्व सरमा समेत BJP नेताओं ने कसा था तंज
राहुल गांधी के बयान को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा सहित BJP के कुछ नेताओं ने तंज कसा था। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी बयान को लेकर बहस तेज हो गई। राहुल गांधी ने अब आलोचनाओं का जवाब देते हुए BJP और RSS समर्थकों के एक वर्ग पर डर, गुस्से और नफरत की राजनीति में उलझे होने का आरोप लगाया है।
प्यार और अपनेपन का संदेश देकर आलोचकों को दिया जवाब
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के जरिए कहा कि लोगों को डर और नफरत से बाहर निकालकर प्यार और अपनापन महसूस करने का अवसर देना जरूरी है। उन्होंने अपने विचार को धार्मिक और मानवीय जिम्मेदारी से जोड़ते हुए खुद को एक सच्चा हिंदू बताया।
इस बयान के बाद माता-पिता के रिश्ते पर सुनाए गए उनके पारिवारिक किस्से से शुरू हुई राजनीतिक बहस एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

