मुंबई: कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC) के शास्त्रीनगर अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि उनके पास गृह मंत्री का भी जिम्मा है, इसलिए उन्हें इस पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए।
संजय राउत ने कहा कि राज्य में डॉक्टरों, सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, “आपके पास गृह मंत्री का विभाग है, उसकी पूजा कीजिए। अगर गृह विभाग की जिम्मेदारी निभा नहीं सकते तो जनता को जवाब देना होगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून का डर लगातार कम होता जा रहा है और सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं हो रही है।
दरअसल, KDMC के शास्त्रीनगर अस्पताल में इलाज में कथित देरी को लेकर एक गर्भवती महिला के परिजनों और शिवसेना के एक स्थानीय पदाधिकारी के समर्थकों द्वारा अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों से कथित मारपीट की गई थी। घटना के बाद डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ ने विरोध प्रदर्शन करते हुए नियमित ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं। हालांकि, आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं। स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अस्पतालों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
राउत ने कहा कि यदि अस्पतालों में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिलेंगी। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।
इस घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति भी गर्मा गई है। विपक्ष सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगा रहा है, जबकि स्वास्थ्यकर्मी संगठनों ने भी अस्पतालों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग दोहराई है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

