बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी वेबसाइट संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे, जुआ और लॉटरी से जुड़े विज्ञापन खुलेआम प्रदर्शित किए जा रहे हैं। मामला सामने आने के बाद कानूनी महकमे में हलचल मच गई है। एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने वेबसाइट को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।
वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी का प्रचार
जानकारी के मुताबिक, advocategeneralcg.com नाम से संचालित वेबसाइट का नाम छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय से मिलता-जुलता है। वेबसाइट के मुख्य पेज पर JARI4D नाम से ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी का प्रचार दिखाई दे रहा है। इसमें ‘Togel Macau’ और ‘Toto Macau’ जैसी श्रेणियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इसके अलावा 10 हजार रुपये के प्रचारात्मक संदेश, सट्टे में इस्तेमाल होने वाले नंबर और इनाम से संबंधित सामग्री भी दिखाई दे रही है।
एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने बताया फर्जी
मामले पर एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस वेबसाइट का हाईकोर्ट के एडवोकेट जनरल कार्यालय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यालय की ओर से इस तरह की कोई वेबसाइट नहीं बनाई गई है। इस फर्जी वेबसाइट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
वेबसाइट पर भर्ती के विज्ञापन और अलग-अलग तस्वीरें
इस वेबसाइट पर केवल सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन ही नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारियां भी प्रदर्शित की गई हैं। वेबसाइट के मुख्य पेज पर स्वामी विवेकानंद की तस्वीर लगाई गई है। वहीं, अलग-अलग पेज पर एडवोकेट जनरल के नाम के साथ अलग-अलग तस्वीरें और जीवन परिचय भी दिए गए हैं।
वेबसाइट को आधिकारिक दिखाने के लिए संविधान के अनुच्छेद 165 और 177 सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है। इससे आम लोगों के बीच भ्रम पैदा होने की आशंका है।
साइबर सेल करेगी तकनीकी जांच
अब जांच का मुख्य विषय यह है कि इस वेबसाइट को किसने बनाया, इसका संचालन कहां से हो रहा है और सरकारी संवैधानिक पद से मिलते-जुलते नाम वाले डोमेन का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया। साइबर सेल प्रभारी तिवारी के मुताबिक, डोमेन पंजीकरण, सर्वर, वेबसाइट संचालन और विज्ञापन नेटवर्क की तकनीकी जांच के जरिए इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा सकती है।
फिलहाल एडवोकेट जनरल कार्यालय की ओर से एफआईआर कराने की बात कही गई है। जांच के बाद ही वेबसाइट संचालित करने वालों और इसके पीछे के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।

