जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सुबह-सुबह हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। उसे कुलगाम में हुए आतंकी हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा था। लतीफ भट का मारा जाना लश्कर-ए-तैयबा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि उसे कश्मीर घाटी में संगठन का आखिरी सक्रिय शीर्ष कमांडर बताया जाता था।
जानकारी के मुताबिक, 11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के बाद से ही सुरक्षाबल आतंकियों की तलाश में जुटे थे। हमले के बाद इलाके में घेराबंदी कर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का सामना लतीफ भट से हुआ और मुठभेड़ में उसे मार गिराया गया।
15 लाख रुपये का घोषित था इनाम
मोहम्मद लतीफ भट पर सुरक्षाबलों ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ था। बताया जाता है कि वह अपनी पहचान छिपाकर सुरक्षा बलों की नजरों से बचने में माहिर था। जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में छोटे आतंकी हमलों को अंजाम देने के बाद वह स्थानीय लोगों के बीच आसानी से घुल-मिल जाता था।
आम लोगों के बीच छिपकर देता था वारदातों को अंजाम
लतीफ भट की सबसे बड़ी रणनीति आम लोगों के बीच अपनी पहचान छिपाकर रहना थी। वह कथित तौर पर हमले के बाद इलाके से निकल जाता था और सामान्य नागरिकों के बीच घुल-मिलकर सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने की कोशिश करता था। यही वजह थी कि उसे तलाशना सुरक्षाबलों के लिए मुश्किल हो रहा था। लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी सुरक्षा एजेंसियों को अब उसे मुठभेड़ में मार गिराने में सफलता मिली है।

