जम्मू:
उधमपुर और रामबन जिलों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश तथा उधमपुर के लधा-समरोली मार्ग पर चल रहे सड़क मरम्मत कार्य के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) को शनिवार को एहतियातन बंद कर दिया गया है। हाईवे बंद होने के चलते जम्मू स्थित भगवती नगर बेस कैंप से अमरनाथ यात्रियों के नए जत्थे की रवानगी को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
अमरनाथ यात्रियों के लिए नई व्यवस्थाएं
श्रद्धालुओं की संख्या में आंशिक कमी और सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (SASB) ने बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन और ई-केवाईसी (e-KYC) काउंटरों को तवी रिवर फ्रंट से हटाकर सीधे भगवती नगर बेस कैंप में शिफ्ट कर दिया है, ताकि बेस कैंप पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों को पंजीयन कराने में आसानी हो।
अब तक 4.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
वार्षिक अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 3 जुलाई से हुई थी। मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, यात्रा शुरू होने से लेकर अब तक लगभग 4.5 लाख श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर चुके हैं।
प्रशासन का कहना है कि सड़क की मरम्मत और मौसम में सुधार होते ही जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा और यात्रियों के अगले जत्थे को घाटी के लिए रवाना किया जाएगा।

