जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में ज्वेलरी शॉप में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बस्तर पुलिस ने दुकान में जेवर खरीदने के बहाने पहुंचे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में रखे सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। सभी आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जेवर खरीदने पहुंचे और कर दी चोरी
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को जगदलपुर स्थित अलंकार ज्वेलर्स में कुछ लोग सोने के आभूषण खरीदने के बहाने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपियों ने दुकान में रखे कान में पहनने वाले सुई-धागा आभूषण को कथित तौर पर चोरी कर लिया।
कुछ समय बाद ज्वेलरी शॉप संचालक को आभूषण गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
चोरी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के महाराष्ट्र से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी तलाश तेज की और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी।
महाराष्ट्र के 5 आरोपी गिरफ्तार
बस्तर पुलिस ने मामले में पृथ्वीराज चौहान, रेखा चौहान, चेतन भाटी, संदीप गौड़ और जयश्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले जगदलपुर या बस्तर संभाग के अन्य इलाकों में इसी तरह की कोई वारदात की है या नहीं।
गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि यह वारदात अकेले की गई थी या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।
फिलहाल पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ज्वेलरी शॉप चोरी के मामले की जांच आगे जारी है। पुलिस बरामदगी और आरोपियों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

